सोनपुर मेला व पूर्णिमा स्नान को लेकर सारण पुलिस ने किया विशेष व्यवस्था, ड्रोन और 400 सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी
सारण। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर होने वाले गंगा स्नान और विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के नेतृत्व में सारण पुलिस ने कमर कस ली है।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र और स्नान घाटों पर सुरक्षा के व्यापक व अभेद्य इंतजाम किए गए हैं।
विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए मेला क्षेत्र में 21 अस्थायी थाने, 15 अतिरिक्त पुलिस पोस्ट और 10 से अधिक वॉच टावर बनाए गए हैं। भीड़ प्रबंधन व पैदल गश्ती के लिए पूरे क्षेत्र को 25 से अधिक सेक्टरों में बांटा गया है, जहां प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल पदाधिकारी के नेतृत्व में जवान तैनात रहेंगे। सभी प्रमुख स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तीन पालियों में ड्यूटी लगाई गई है।
इसके अलावा हरिहरनाथ मंदिर, स्नान घाटों और मेला परिसर में चारपहिया गश्ती दल व बाइक पेट्रोलिंग टीम लगातार भ्रमणशील रहेगी।यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए 40 से अधिक स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए पुलिस उपाधीक्षक स्तर के एक नोडल पदाधिकारी व दो सहयोगी पदाधिकारियों के साथ जवानों की तीन पालियों में तैनाती की गई है। साथ ही, महत्वपूर्ण स्थलों पर 10 अतिरिक्त ट्रैफिक पोस्ट भी स्थापित किए गए हैं।
असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए मेले में करीब 400 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, जिसकी सीधी मॉनिटरिंग मेला नियंत्रण कक्ष से होगी। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। इसके अतिरिक्त सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे और सारण पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाकर पर्चे भी वितरित किए जाएंगे।
गंगा स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नदी में पूरी क्षमता के साथ एसडीआरएफ की टीम, मोटर बोट, पुलिस बल और स्थानीय गोताखोरों को तैनात किया गया है। वहीं, स्नान घाटों से लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर तक एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम की भी तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता मिल सके।

