नेपाल में बस हादसा,19 यात्रियों की मौत, इनमें न्यूजीलैंड की महिला और पुरुष भी शामिल

नेपाल में बस हादसा,19 यात्रियों की मौत, इनमें न्यूजीलैंड की महिला और पुरुष भी शामिल
Facebook WhatsApp

काठमांडू। पोखरा से काठमांडू आ रही एक यात्री बस के त्रिशूली नदी में गिरने से 19 लोगो की मौत हो गई। मृतको में छह महिला और 13 पुरुष शामिल है।जबकि इस भीषण हादसे में घायल 27 लोगों को बचाकर विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है।मृतकों में विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। मृतकों में एक महिला तथा एक पुरुष न्यूजीलैंड के रहने वाले बताए गए हैं।

नेपाल के अधिकारियों के अनुसार पृथ्वी राजमार्ग के अंतर्गत पोखरा से काठमांडू की ओर आ रही बस ( नंबर-ग 1 ख 1421 नंबर) रविवार की रात करीब एक बजे धादिंग जिले के बेनिघाट रोरांग गांवपालिका स्थित भैंसेगौडा क्षेत्र से त्रिशूली नदी किनारे जा गिरी। बस सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल से नाव की मदद से यात्रियों को करीब एक किलोमीटर नीचे तक लाया गया, वहां से उन्हें ऊपर लाकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

रात का समय, दुर्गम स्थान और राहत सामग्री की कमी के कारण बचाव कार्य में कठिनाई हुई। धादिंग के प्रमुख जिला अधिकारी विजय राज सुवेदी ने फोन पर बताया, “टॉर्च की रोशनी में घायलों की मदद की गई। हमें राहत सामग्री की कमी महसूस हुई।” सुवेदी के अनुसार घटनास्थल से 8 महिलाएं, 17 पुरुष और एक बालिका सहित कुल 27 लोगों को बचाकर विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है, जबकि 6 महिलाओं और 13 पुरुषों की मृत्यु हो गई है।

सेना, सशस्त्र प्रहरी बल और नेपाल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। सशस्त्र प्रहरी बल के विपद प्रबंधन बेस आदमघाट से डीएसपी सुनील गिरी के नेतृत्व में एक टीम तथा विपद प्रबंधन प्रशिक्षण शिक्षालय कुरिनटार से गोताखोरों की टीम भी राहत और बचाव कार्य में तैनात है। जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता एवं डीएसपी पवन कुमार भट्टराई के अनुसार घायलों में से 12 का उपचार नेशनल ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जबकि 10 का इलाज नेशनल हॉस्पिटल कलंकी में किया जा रहा है।

कलंकी के नेशनल हॉस्पिटल में नौ पुरुष और एक महिला का इलाज चल रहा है। ट्रॉमा सेंटर में सात पुरुष और पांच महिलाओं का उपचार किया जा रहा है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page