राष्ट्रीय सुरक्षा हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी: सीडीएस चौहान

राष्ट्रीय सुरक्षा हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी: सीडीएस चौहान
Facebook WhatsApp

श्रीनगर गढ़वाल। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान शनिवार को उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल पहुंचे। उन्होंने यहां हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया और राष्ट्रीय सुरक्षा व समसामयिक विषयों पर छात्र-छात्राओं से संवाद किया।अपने संबोधन में जनरल चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सेना का दायित्व नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है, जिसकी शुरुआत विद्यालयों और विश्वविद्यालयों से होनी चाहिए।

उन्होंने भारत की सामरिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए आत्मनिर्भरता को राष्ट्रीय सुरक्षा का केंद्रीय तत्व बताया। उन्होंने बदलते युद्ध स्वरूप, तकनीक-प्रधान संघर्ष, सीमाई चुनौतियों और परमाणु शक्ति संपन्न पड़ोसी देशों के संदर्भ में उन्होंने सुदृढ़ सरकार, मजबूत सेना और रणनीतिक तैयारी की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सीडीएस चौहान से राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य करियर से जुड़े प्रश्न भी पूछे, जिनके उन्होंने उत्तर दिए। उन्होंने महिला भर्ती संबंधी प्रश्न पर कहा कि भारतीय सेना में महिलाओं को समान अवसर और जिम्मेदारियां दी जा रही हैं और चयन का आधार केवल योग्यता और प्रतिबद्धता है।

इस दौरान जनरल चौहान ने विश्वविद्यालय के पुस्तकालय को 227 महत्वपूर्ण पुस्तकें भी भेंट कीं। साथ ही प्रो. एम.पी.एस. बिष्ट द्वारा संपादित पुस्तक ‘रणभूमि दर्शन’ का विमोचन भी किया। पुस्तक में सीमांत गांवों के भ्रमण और सैन्य छावनी लैंसडाउन से जुड़े संस्मरणों का संकलन है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि जनरल चौहान के आगमन से गौरवान्वित है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने सेना के साथ अग्निवीर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए एमओयू किए हैं और ”विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पुस्तकालय को भेंट की गई पुस्तकों के लिए आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी, सैन्य अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page