32 हजार किसानों के खाते में अनुदान राशि ट्रांसफर
मोतिहारी।अतिवृष्टि व मोंथा तूफान से बाढ़ से खरीफ फसल नुकसान को लेकर राज्य सरकार ने शनिवार को प्रभावित किसानों के खाते में राशि ट्रांसफर कर दी है। जिले के करीब 56 हजार किसानों ने कृषि फसल इनपुट के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था।इसमें करीब 32 हजार किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से करीब 23 करोड़ रुपए भेजे गए हैं। जिले में विगत अक्टूबर माह में अतिवृष्टि व मोंथा तूफान से आई बाढ़ के कारण सात ब्लॉक के 67 पंचायतों में बड़े पैमाने पर खरीफ फसल की क्षति हुई थी। फसल क्षति का आकलन कर कृषि विभाग ने सरकार को रिपोर्ट भेजा था।
अतिवृष्टि व बाढ़ से प्रभावित ब्लॉक में रक्सौल, चिरैया, सुगौली, मोतिहारी, बंजरिया, ढाका व पकड़ीदयाल शामिल है। डीएओ मनीष कुमार सिंह ने बताया कि कृषि इनपुट अनुदान राशि किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से राज्य सरकार के द्वारा ट्रांसफर कर दी गई है। जिले के करीब 32 हजार किसानों के खाते में करीब 23 करोड़ राशि भेजी गई है।

