दूरदर्शन की जानी-मानी न्यूज एंकर रही सरला माहेश्वरी का निधन

दूरदर्शन की जानी-मानी न्यूज एंकर रही सरला माहेश्वरी का निधन
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। दूरदर्शन की लोकप्रिय और सम्मानित समाचार वाचिका रहीं सरला माहेश्वरी का निधन हो गया है। 1980 और 90 के दशक में अपनी शांत आवाज़, शालीनता, सादगी और सटीक हिंदी उच्चारण के लिए मशहूर सरला माहेश्वरी को भारतीय टीवी पत्रकारिता का एक विश्वसनीय चेहरा माना जाता था। उनके निधन को टेलीविजन पत्रकारिता के एक ‘गोल्डन एरा’ का अंत बताया जा रहा है।

परिवार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सरला माहेश्वरी का अंतिम संस्कार 12 फरवरी को शाम 4 बजे निगम बोध घाट, दिल्ली में किया गया। दूरदर्शन ने एक्स पर पोस्ट कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में कहा गया, “दूरदर्शन परिवार की ओर से श्रीमती सरला माहेश्वरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। वह दूरदर्शन की सम्मानित और प्रतिष्ठित समाचार वाचिका थीं, जिन्होंने अपनी सौम्य आवाज़, सटीक उच्चारण और गरिमापूर्ण प्रस्तुति से भारतीय समाचार जगत में विशेष स्थान बनाया। उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों के मन में गहरा विश्वास स्थापित किया।”

ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने भी उन्हें याद करते हुए लिखा कि सरला माहेश्वरी की विश्वसनीयता और शालीनता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा रहेगी। सरला माहेश्वरी उस दौर की प्रतिनिधि थीं जब समाचार प्रस्तुति में गरिमा, स्पष्टता और विश्वसनीयता को सबसे अधिक महत्व दिया जाता था। उनकी आवाज़ और पढ़ने का अंदाज दर्शकों को भरोसा देता था। वह समय ऐसा था जब एंकर की साख ही खबर की विश्वसनीयता मानी जाती थी।

सोशल मीडिया पर भी कई यूजर्स ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। एक यूजर ने लिखा, “वे उस दौर से जुड़ी थीं जब समाचार का मतलब ड्रामा नहीं, बल्कि स्पष्टता होता था। ऐसा ग्रेस आज कम दिखता है।” दूसरे ने लिखा, “हम उन्हें सुनते हुए बड़े हुए। वह एक शानदार व्यक्तित्व थीं।”

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page