सदर अस्पताल से डीएम ने दवा खाकर फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत की
पूर्वी चंपारण। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन का शुभारंभ मंगलवार को डीएम सौरभ जोरवाल ने सदर अस्पताल में सर्वदन दवा खा कर किया। जिले में यह अभियान 10 फरवरी से शुरू होकर आगामी 27 फरवरी तक कुल 17 दिनों तक संचालित किया जाएगा।
अभियान में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रभारी, सीएचओ के देखरेख में स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा लोगों को सर्वजन दवा खिलाई गई। 11 फरवरी को राज्य व्यापी मेगा कैंप के तहत जिले में भी मेगा कैंप लगेगा। इसमें डीए टीम द्वारा माइक्रोप्लान के अनुसार उस क्षेत्र के आंगनबाड़ी सेंटर पर बूथ लगाया जाएगा। इस कैंप में जीविका के एसएचजी मेंबर बूथ पर अपने परिवार और आस पास के लोगों के साथ पहुंचकर फाइलेरिया रोधी दवाएं खाएंगी।
कई उप स्वास्थ्य केंद्र में मुखिया या अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ रोगी हित धारक मंच के सदस्य भी खुद दवा खाकर अभियान के प्रचार प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। पहले चरण में 10 फरवरी से 24 फरवरी तक स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी। जबकि दूसरे चरण में 25 से 27 फरवरी तक स्कूल, कॉलेज, कार्यालय, फैक्ट्री, ईंट भट्ठा, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर बूथ लगाकर दवा खिलाई जाएगी। अभियान के तहत उम्र के अनुसार दो प्रकार की दवाएं दी जाएंगी जिनमें अल्बेंडाजोल, डीईसी शामिल है। एल्बेंडाजोल की एक गोली 2 वर्ष से ऊपर के सभी व्यक्तियों को दी जाएगी। डीईसी की खुराक उम्र के अनुसार तय की गई है जिसमें 2 से 5 वर्ष के लिए एक गोली, 6 से 14 वर्ष के लिए दो गोली और 15 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए तीन गोलियां निर्धारित हैं। डीआईओ डॉ शरत चंद्र शर्मा ने बताया कि दवा को कभी भी खाली पेट नहीं लेना है। इसके साथ ही 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों और एक सप्ताह के भीतर प्रसव कराने वाली महिलाओं को यह दवा नहीं दी जाएगी।

