वरिष्ठ पत्रकार मार्क टुली का दिल्ली में निधन, 90 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

वरिष्ठ पत्रकार मार्क टुली का दिल्ली में निधन, 90 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कार्पोरेशन (बीबीसी) के वरिष्ठ पत्रकार मार्क टुली का रविवार को निधन हो गया। वह लगभग 90 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे।दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती टुली के निधन की उनके करीबी मित्र और पत्रकार सतीश जैकब ने पुष्टि की।

मार्क टुली का जन्म 24 अक्टूबर 1935 को कोलकाता में हुआ था। उन्होंने बीबीसी में लंबा कार्यकाल बिताया और करीब 22 वर्षों तक नई दिल्ली ब्यूरो प्रमुख रहे। स्वतंत्र पत्रकारिता में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई। टुली ने भारत से जुड़ी अनेक ऐतिहासिक घटनाओं को कवर किया, जिनमें प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का अंतिम संस्कार, इंदिरा गांधी के साक्षात्कार, ऑपरेशन ब्लू स्टार, राजीव गांधी की हत्या और अयोध्या विवाद शामिल हैं। लेखक और प्रसारक के रूप में भी टुली ने इंडिया इन स्लो मोशन, नो फुल स्टॉप्स इन इंडिया और द हार्ट ऑफ इंडिया जैसी चर्चित पुस्तकें लिखीं। बीबीसी रेडियो के कार्यक्रम समथिंग अंडरस्टुड के प्रस्तुतकर्ता के रूप में उन्होंने समाज, आस्था और मानवीय मूल्यों पर गहन चर्चा की।

वह शेख मुजीबुर रहमान का साक्षात्कार लेने वाले शुरुआती पत्रकारों में रहे और 1977 में भारत लौटकर कई बार इंदिरा गांधी का साक्षात्कार किया। उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार से पहले जरनैल सिंह भिंडरावाले से बातचीत की और बाद में एसजीपीसी प्रमुख गुरचरण सिंह तोहरा का भी इंटरव्यू लिया। उन्होंने राजीव गांधी की हत्या, नरसिम्हा राव युग का आगमन और 1992 में अयोध्या विवादित ढांचा विध्वंस जैसी घटनाओं को रोडियो पर प्रस्तुत किया। टुली ने ‘अमृतसर: मिसेज गांधीज लास्ट बैटल’, ‘द हार्ट ऑफ इंडिया’ और ‘इंडिया: द रोड अहेड’ जैसी पुस्तकें लिखीं और कई डॉक्यूमेंट्री भी बनाई।

उनके योगदान के लिए उन्हें 2002 में ब्रिटेन सरकार ने नाइटहुड की उपाधि दी, जबकि भारत सरकार ने 2005 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page