नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई पार्टी पदाधिकारियों की अहम बैठक, चुनावी राज्यों पर रहा फोकस

नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई पार्टी पदाधिकारियों की अहम बैठक, चुनावी राज्यों पर रहा फोकस
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पार्टी के सभी पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता की।बैठक में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की रणनीति पर राज्य अध्यक्षों, राष्ट्रीय सचिवों के साथ गहन मंथन किया गया। सुबह साढ़े दस बजे शुरू हुई बैठक शाम पांच बजे तक चली।

बैठक में चुनावी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय महासचिव भी मौजूद रहे। बैठक में हाल ही में संपन्न संगठन पर्व, सदस्यता अभियान और पार्टी की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समीक्षा भी की गई। प्रदेश अध्यक्षों ने अपने राज्यों में संगठन पर्व के दौरान हुए कार्यों, कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि बैठक में संगठन और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हुई। जमीनी फीडबैक, क्षेत्रीय मुद्दों और विपक्ष की रणनीतियों का विश्लेषण किया गया। बूथ और मंडल स्तर को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार पश्चिम बंगाल में बन रही है और असम में भी दोबारा आ रही है। केरल और तमिलनाडु में भी भाजपा सरकार बनाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अलग-अलग राज्यों में भाजपा तेजी से आगे बढ़ रही है। स्थानीय स्तर पर सभी एनडीए के साथियों की प्रचंड जीत हुई है।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक संपन्न होने के बाद पार्टी नेता अपराजिता सारंगी ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को कई निर्देश दिए गए हैं। अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट रूप से दो बिंदुओं पर ज़ोर दिया। पहला, हमें बहुत मेहनत करनी होगी और सख़्त निगरानी सुनिश्चित करनी होगी ताकि बूथ स्तर से लेकर राज्य स्तर तक सभी निर्देशों का सही तरीके से पालन हो और सभी योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन हो सके। दूसरा, उन्होंने कहा कि सभी को ज़िम्मेदारियां सौंपी जानी चाहिए और समाज के सभी वर्गों के लोगों को इसमें शामिल किया जाना चाहिए।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page