सेना का ट्रेनी विमान तालाब में गिरा,दोनों पायलट सुरक्षित

सेना का ट्रेनी विमान तालाब में गिरा,दोनों पायलट सुरक्षित
Facebook WhatsApp

प्रयागराज। उप्र के प्रयागराज जिले के जार्जटाउन थाना क्षेत्र में सेना का एक ट्रेनी विमान नगर में स्थित केपी ग्राउंड के पीछे एक तालाब में गिर गया।विमान के दोनों पायलट सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी व सेना की रेस्क्यू टीम पहुंची और तालाब से विमान निकालने की कवायद चल रही है।

मौके पर पहुंचे एयरफोर्स के अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि तालाब में दल-दल होने की वजह से विमान को निकालने में देरी हो रही है। उन्होंने बताया कि ट्रेनी विमान एयरपोर्ट बमरौली से उड़ा था और उड़ान भरने के बाद ही दोनों पायलटों को विमान में कमी आने की जानकारी हो गई थी। इस संबंध में तत्काल सूचना एयरफोर्स के अधिकारियों को सूचना दी गई।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि बमरौली से फाफामऊ क्षेत्र के लिए उड़ान भरने वाला एक ट्रेनी विमान केपी कालेज के पीछे स्थित तालाब में गिर गया है। इस सूचना पर तत्काल एसीपी कर्नलगंज, जार्जटाउन थाने की पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें के साथ पहुंच गई। उन्होंने बताया कि इससे पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों पायलटों को विमान से सुरक्षित बाहर निकला लिया था। दोनों पायलट सुरक्षित हैं।

घटना के बाद कुछ ही देर में एयरफोर्स और सेना की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी दमकल गाड़ी के साथ पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीआरएफ के एसआई रमेश वर्मा और सिपाही अरुण यादव मौके पर हैं । तालाब में जलकुंभी होने के कारण गिरने का प्रभाव बहुत कम हो गया, जिससे पायलटों की जान बच गई।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page