मैं भाजपा कार्यकर्ता, नितिन नवीन मेरे बॉस : मोदी

मैं भाजपा कार्यकर्ता, नितिन नवीन मेरे बॉस : मोदी
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई देते हुए खुद को पार्टी का कार्यकर्ता बताया और कहा कि जब पार्टी के विषयों की बात आती है तो नितिन नवीन उनके बॉस हैं।दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में नितिन नवीन ने पार्टी अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं, यह मेरा सबसे बड़ा गर्व है। जब पार्टी की बात आती है तो नितिन नवीन जी मेरे बॉस हैं।” उन्होंने कहा कि भाजपा में पद बदलते हैं लेकिन आदर्श नहीं बदलते, नेतृत्व बदलता है लेकिन दिशा नहीं बदलती। भाजपा एक परिवार है, जहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप का महत्व है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नितिन नवीन का दायित्व सिर्फ भाजपा तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी साथियों के बीच तालमेल बनाए रखना भी उनकी बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा जोश और अनुभव के साथ नितिन नवीन पार्टी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

प्रधानमंत्री ने संगठन पर्व की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी के संविधान की भावना के अनुरूप, शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत यह चुनाव संपन्न हुआ है। यह भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता-केंद्रित सोच का प्रतीक है। उन्होंने देशभर के कार्यकर्ताओं को इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बधाई दी।

मोदी ने कहा कि भाजपा एक संस्कार है और जीवन भर की जिम्मेदारी का भाव लेकर चलने वाला संगठन है। उन्होंने कहा, “हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है।” प्रधानमंत्री ने भाजपा के पूर्व अध्यक्षों- अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के योगदान को स्मरण करते हुए उनका अभिनंदन किया।

प्रधानमंत्री ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि तीन बार प्रधानमंत्री बनना या 25 वर्षों तक सरकार का नेतृत्व करना महत्वपूर्ण है, लेकिन इससे भी बड़ा गर्व उनके लिए भाजपा का कार्यकर्ता होना है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसने रेडियो से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का दौर देखा है। उनके पास युवा ऊर्जा के साथ अनुभव भी है।

मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के अगले 25 वर्ष भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और यही वह कालखंड है जब विकसित भारत का निर्माण होना है। इस दौर की शुरुआत में नितिन नवीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

प्रधानमंत्री ने भाजपा की चुनावी सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में बने रहना आम तौर पर कठिन होता है, लेकिन भाजपा ने इस धारणा को तोड़ा है। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में भाजपा ने पहले से भी बड़े बहुमत से जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्ट्राइक रेट बेमिसाल है।

मोदी ने कहा कि भाजपा ने सत्ता को सुख का नहीं, सेवा का माध्यम बनाया है। इसी कारण जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। बीते 11 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार अपने दम पर सरकार बनाई। पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भाजपा एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है।

स्थानीय निकायों में पार्टी की मजबूती का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में 29 में से 25 बड़े शहरों में भाजपा-एनडीए को जनता का समर्थन मिला है और कुल पार्षदों में से लगभग 50 प्रतिशत भाजपा के हैं। केरल में भी भाजपा के करीब 100 पार्षद हैं और तिरुवनंतपुरम में 45 वर्षों बाद मेयर पद पर भाजपा को जीत मिली है।

प्रधानमंत्री ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी समाज के सबसे पिछड़े वर्गों के लिए पीएम-जनमन योजना लाई गई, उज्ज्वला योजना से बहनों को धुएं से मुक्ति मिली, लखपति दीदी अभियान से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया और जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सामाजिक न्याय को वास्तविक अर्थों में जमीन पर उतारा है और गरीब कल्याण की योजनाओं को फाइलों से निकालकर गरीब के घर तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास मॉडल स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता पर आधारित है।

प्रधानमंत्री मोदी ने घुसपैठ को देश के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि दुनिया का कोई भी देश घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करता और भारत भी अपने गरीबों और युवाओं के अधिकारों से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल वोट बैंक की राजनीति में घुसपैठियों को बचाते हैं, उन्हें जनता के सामने बेनकाब किया जाना चाहिए।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने पतन की समीक्षा नहीं करती क्योंकि इससे एक परिवार पर सवाल उठेंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की गलतियों को न दोहराने की अपील की।

अंत में प्रधानमंत्री ने नए अध्यक्ष नितिन नवीन को एक बार फिर शुभकामनाएं दीं और कहा कि “खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश”-यही भाजपा के हर कार्यकर्ता का जीवन मंत्र है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page