अरुण जेटली की जयंती पर उनके दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र सेवा को किया गया याद

अरुण जेटली की जयंती पर उनके दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र सेवा को किया गया याद
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री, प्रखर वक्ता और भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता अरुण जेटली की जयंती पर उन्हें रविवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें एक कुशल रणनीतिकार, उत्कृष्ट विधिवेत्ता और दूरदर्शी राजनेता के रूप में स्मरण किया, जिन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था और संसदीय परंपराओं को मजबूत करने में अमूल्य योगदान दिया।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दिवंगत अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपने बौद्धिक कौशल, गहरी संवैधानिक समझ और स्पष्ट दृष्टि से भारतीय राजनीति और नीति-निर्माण को नई दिशा दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अरुण जेटली की भारतीय जनता पार्टी को सशक्त बनाने में निभाई गई समर्पित भूमिका और उनकी तीक्ष्ण कानूनी सूझबूझ समय की कसौटी पर सदैव खरी उतरेगी।

भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने ‘पद्म विभूषण’ अरुण जेटली को नमन करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व और दूरगामी सोच ने भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा प्रदान की।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म विभूषण अरुण जेटली की जयंती पर उन्हें अभिवादन। जबकि हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पार्टी को मजबूती देने से लेकर देश की आर्थिक यात्रा को नई गति देने तक, अरुण जेटली ने अपनी गहरी और स्थायी छाप छोड़ी।

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जेटली को प्रखर बुद्धिजीवी, राष्ट्रवादी विचारक और उत्कृष्ट संसदीय परंपराओं का शिल्पकार बताते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि देश की राजनीतिक और आर्थिक नींव को मजबूत करने में पद्म विभूषण अरुण जेटली के व्यापक योगदान से भारत आज भी निरंतर लाभान्वित हो रहा है।

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जेटली को प्रख्यात विधिवेत्ता और कुशल रणनीतिकार के रूप में याद करते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा में उनका योगदान अतुलनीय है। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें कुशल रणनीतिकार, प्रखर वक्ता और प्रख्यात अधिवक्ता बताते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि अरुण जेटली की शालीनता, दूरदर्शिता और भारत के प्रति गहरी प्रतिबद्धता सार्वजनिक जीवन में सभी के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होती रहेगी।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजयेंद्र गुप्ता ने कहा कि देश की आर्थिक नीतियों को मजबूती देने से लेकर संसदीय परंपराओं को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में अरुण जेटली का योगदान अविस्मरणीय है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अरुण जेटली का संतुलित दृष्टिकोण और मृदुभाषी स्वभाव सार्वजनिक जीवन में गरिमा और मर्यादा के जो उच्च मानक स्थापित करता है, वह सदैव अनुकरणीय रहेगा।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page