युवक को चाकू गोद मौत के घाट उतारा, दो हिरासत में, घटना के पीछे प्रेम प्रसंग प्रारंभिक कारण बताया
-परिजन जमीनी विवाद में हत्या का लगा रहे आरोप
मोतिहारी। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामगढ़वा गांव में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे के आसपास की बताई गई है। मृतक स्थानीय गांव निवासी ललन पासवान का 20 वर्षीय पु. मनीष कुमार बताया गया है, जो पंचायत के चैकीदार का भांजा भी था।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के कथित तौर पर आरोपित युवकों की मां सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया गया है कि आरोपितों ने उक्त युवक को उसके घर के नजदीक ही चाकू एवं तेज धारदार हथियार से पीठ एवं अन्य अंगो पर आधा दर्जन से ज्यादा जगहों पर गोद दिया, फलस्वरूप उसकी मौके पर ही मौत हो गई, इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस मामले में एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया है कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग बताया गया है, अलबत्ता परिजनों ने प्रेम प्रसंग से इंकार किया है। परिजन का कहना है कि दो धुर जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। उक्त जमीन की आज मापी निर्धारित थी, मापी नहीं हो, जिसके चलते हत्या कर दी।
बावजूद इसके पुलिस अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। वही परिजनों ने घटना को लेकर चार लोगों को आरोपित करते हुए थाने में आवेदन दिया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे ने लेने के साथ ही पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुर्पुद कर दिया। वही इस मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

