मध्य प्रदेश: दीपावली की रात आग ने उजाड़े दो परिवार, कटनी और सिवनी में जिंदा जलकर 12 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश: दीपावली की रात आग ने उजाड़े दो परिवार, कटनी और सिवनी में जिंदा जलकर 12 लोगों की मौत
Facebook WhatsApp

कटनी में दो माह के मासूम समेत एक ही परिवार के छह सदस्य जिंदा जले, सिवनी के छपारा में भी छह की गई जान

कटनी/सिवनी। मध्य प्रदेश में दीपावली की रात दो परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक हादसा बन गई।कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में मकानों में लगी भीषण आग ने 12 लोगों की जान ले ली। मृतकों में चार महिलाएं, तीन पुरुष और पांच बच्चे शामिल हैं। कटनी में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हुई, जिनमें दो माह का मासूम भी शामिल है। वहीं सिवनी के छपारा में भी एक परिवार के छह लोगों की आग की चपेट में आने से जान चली गई। दोनों घटनाओं में घरों में मौजूद कुल 20 लोगों में से आठ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसों के बाद दोनों क्षेत्रों में शोक का माहौल है।

कटनी: तीन मंजिला मकान में फंसा परिवार, दो माह के मासूम समेत छह की मौत

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से लगी तीन मंजिला इमारत में देखते ही देखते आग फैल गई। आग और धुएं के कारण मकान में मौजूद परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल सके। इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, 14 वर्षीय आर्या, छह वर्षीय अन्वी और दो माह के मासूम की मौत हो गई। हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह मकान से बाहर निकलने में सफल रहे। दोनों ने आग की लपटें देखकर शोर मचाया, लेकिन तब तक आग इमारत के बड़े हिस्से में फैल चुकी थी। परिवार के अन्य सदस्य अंदर ही फंसे रह गए।

सुबह तक चला बचाव अभियान, जेसीबी से तोड़ी दीवार

आग लगने के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से मकान की दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था। हालांकि, तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

दमकल वाहनों की खराबी से आग बुझाने में आई परेशानी

बरही अग्निकांड में दमकल व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार, नगर परिषद बरही का दमकल वाहन आग लगने के करीब एक घंटे बाद रात एक बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दूसरा दमकल वाहन पहुंचा, उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। इसके बाद कैमोर और कटनी से दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल वाहनों की तकनीकी खराबी के कारण आग बुझाने के प्रयासों में परेशानी आई। जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान बरही के स्थानीय युवाओं ने भी मोर्चा संभाला और राहत कार्य में मदद की। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल व्यवस्था और प्रशासनिक इंतजामों को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि घटना के बावजूद सुबह करीब चार बजे तक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं दिखाई दिए। उनका कहना था कि दीपावली जैसे बड़े पर्व पर अग्निशमन व्यवस्था की पर्याप्त तैयारी होनी चाहिए थी।सिवनी: छपारा में सराफा व्यापारी के मकान में लगी आग, छह की मौत

दूसरा हादसा सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र के महावीर वार्ड क्रमांक-7 में हुआ। यहां जैन मंदिर के पास स्थित सराफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में सोमवार तड़के करीब 4 से 4:30 बजे आग लग गई। घटना के समय घर में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण छह लोग अंदर ही फंस गए, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस हादसे में कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) की मौत हो गई। वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बचा लिया गया।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल के पहुंचने तक आग मकान में फैल चुकी थी। बचाव दल ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट या अन्य संभावित कारणों को लेकर जांच की जा रही है। मामले में विस्तृत जानकारी और प्रशासनिक पुष्टि का इंतजार है। पूरे मामले की जांच छपारा पुलिस कर रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page