प्रशासन की देखरेख में मनोकामना माता मंदिर में 46 बोरियों में रखी चढ़ावे की राशि की गिनती शुरू
-शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं ने चढ़ाएं थे चढ़वा
चिरैया। प्रखंड क्षेत्र के गोढ़िया गांव स्थित जय मनोकामना माता मंदिर में शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ावे एवं दान के रूप में प्राप्त राशि की गिनती प्रशासनिक निगरानी में कराई जा रही है। 46 बोरियों में रखी इस राशि की गिनती में पारदर्शिता बनाए रखने और उसे सुरक्षित बैंक खाते में जमा कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
इसके तहत 13 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा इसके अलावा रूपयों की गिनती के लिए 25 मजदूर भी लगाए गए हैं। जबकि पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए तीन अधिकारियों को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में सिकरहना एसडीएम विजय कुमार ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, प्रतिनियुक्त कर्मी तीन नवंबर से कार्य समाप्ति तक मंदिर परिसर में रहकर नोटों की माला के रूप में चढ़ावे की राशि की गिनती कर रहे हैं।
इस कार्य में किसान सलाहकारों एवं विकास मित्रों को लगाया गया है। वहीं, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अशोक कुमार चौधरी, चिरैया प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी इस्तेखार दानिस तथा चिरैया प्रखंड कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार को पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। ये अधिकारी प्रतिदिन गिनती की निगरानी करने के साथ राशि का पूरा ब्योरा पंजी में दर्ज कराना सुनिश्चित कर रहे हैं।
गिनती की प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा दो वीडियोग्राफरों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, जो पूरी प्रक्रिया की लगातार रिकॉर्डिंग कर रहे हैं। प्रतिनियुक्त कर्मियों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहकर कार्य करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, गिनती शुरू होने से पहले और कार्य समाप्ति के बाद कर्मियों की तलाशी लेने के उपरांत ही उन्हें मंदिर परिसर से बाहर जाने की अनुमति दी जा रही है।
वहीं, मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अनुमंडल प्रशासन ने गिनती के बाद प्राप्त राशि का पूरा हिसाब दर्ज कर उसे मंदिर के निर्धारित बैंक खाते में जमा कराने का निर्देश दिया है। साथ ही, कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है।

