उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरदाहा में मनाया गया विश्व विद्यार्थी दिवस, ‘कर्मदूत’ ई-पत्रिका का आवरण पृष्ठ लॉन्च

उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरदाहा में मनाया गया विश्व विद्यार्थी दिवस, ‘कर्मदूत’ ई-पत्रिका का आवरण पृष्ठ लॉन्च
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरदाहा में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारतरत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर विश्व विद्यार्थी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के आदर्शों, संघर्ष, सादगी, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्रनिर्माण में योगदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री चंद्रकांत प्रसाद ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को डॉ. कलाम की तरह सादगीपूर्ण जीवन जीते हुए बड़े सपने देखने चाहिए तथा कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता प्राप्त कर देश को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।

वरीय शिक्षक श्री बिकेश कुमार ने विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए संघर्ष, लगन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं, डॉ. कलाम से दो बार मुलाकात कर चुके तथा उन मुलाकातों के प्रेरक अनुभवों पर आधारित पुस्तक ‘कलामवाद’ के लेखक एवं कंप्यूटर विज्ञान शिक्षक मुन्ना कुमार ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के विचारों को जीवन में अपनाने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर गणित शिक्षिका प्रिया मैम, संस्कृत शिक्षक बलिराम तिवारी, सामाजिक शास्त्र के शिक्षक सचिन पांडे, भौतिकी शिक्षक दीपू कुमार, बांग्ला शिक्षक पवित्र माजी तथा शिक्षिकाओं सुनीता मैम, सपना मैम और सीमा मैम ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने डॉ. कलाम के जीवन, विचारों और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

‘कर्मदूत’ ई-पत्रिका का आवरण पृष्ठ लॉन्च

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विद्यालय की ई-पत्रिका ‘कर्मदूत’ के आवरण पृष्ठ का लोकार्पण रहा। इसका उद्देश्य डॉ. कलाम के विचारों तथा विद्यालय की शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का सकारात्मक प्रसार करना है। यह ई-पत्रिका विद्यार्थियों की लेखन प्रतिभा को निखारने, उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करने और उनमें साहित्यिक अभिरुचि विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

निबंध, चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन

विश्व विद्यार्थी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के बीच डॉ. कलाम के जीवन और व्यक्तित्व पर आधारित निबंध लेखन, चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

भाषण प्रतियोगिता में मधु कुमारी, रवीता कुमारी, राहुल मंडल, चंदन कुमार और वसुंधरा कुमारी सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके प्रस्तुतिकरण ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में छिपी रचनात्मक क्षमता और आत्मविश्वास को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम का संयोजन मुन्ना कुमार ने किया, जबकि मंच संचालन हिंदी शिक्षक प्रवीण कुमार शुक्ला ने किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page