झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, नवादा और नालंदा के 13 लोगो की हुई मौत

झारखंड के रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, नवादा और नालंदा के 13 लोगो की हुई मौत
Facebook WhatsApp

–नवादा के भाई और नालंदा की बहन का पूरा परिवार खत्म

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत पैंकी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हुए सड़क हादसे में बिहार के नालंदा व नवादा जिले के 13 लोगों की मौत हो गई है।हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों और नालंदा जिले के एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हुई है। इनके अलावा स्कॉर्पियो चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों में नवादा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारों गांव निवासी विवेकानंद कुमार (38), उनकी पत्नी अमृता कुमारी (31), पुत्री सोनाली कुमारी (16), पुत्र शुभम कुमार (14), अमन कुमार (12) और मां प्रमिला देवी (62) शामिल हैं।

इसी वाहन में विवेकानंद कुमार की मौसेरी बहन किरण कुमारी का परिवार भी सवार था। नालंदा जिले के कराडीह निवासी इस परिवार में किरण के पति मुकेश कुमार मेहता (36), उनका 10 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार और छह वर्षीय पुत्री वैष्णवी कुमारी की भी हादसे में मौत हो गई।

स्कॉर्पियो अमौना गांव निवासी नंदन कुमार चला रहा था। उसके पिता का नाम विजेंद्र प्रसाद बताया गया है। वाहन में पीछे की ओर राजू कुमार भी सवार था। हादसे में चालक नंदन कुमार और राजू कुमार की भी जान चली गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवेकानंद कुमार नवादा में सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल का संचालन करते थे। उनकी पत्नी अमृता कुमारी भी स्कूल के कामकाज में सहयोग करती थीं। हाल ही में बिहार सरकार में शिक्षक पद पर अमृता कुमारी का चयन हुआ था। इस उपलब्धि से विवेकानंद काफी खुश थे और परिवार में इस खुशी को साझा करना चाहते थे।

इसी खुशी के अवसर पर उन्होंने अपनी मौसेरी बहन किरण कुमारी को भी परिवार के साथ रजरप्पा दर्शन की यात्रा में शामिल किया था। परिवार धार्मिक यात्रा पर निकला था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनके जीवन की आखिरी यात्रा साबित होगा। हादसे ने दोनों परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया।

विवेकानंद कुमार के बड़े भाई पंकज कुमार जब रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचे और वहां एक साथ 13 शवों को देखा तो वह बदहवास हो गए। दुख और सदमे के कारण उनके मुंह से आवाज तक नहीं निकल रही थी। वह कभी अपने भाई का चेहरा देखने के लिए बिलखते, तो कभी बच्चों को गले लगाने के लिए व्याकुल हो उठते थे।उनकी हालत देखकर अस्पताल में मौजूद परिजनों और पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें संभाला। एक साथ इतने लोगों की मौत से अस्पताल परिसर में भी शोक और मातम का माहौल रहा।

हादसे में मृत सभी 13 लोगों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिंह ने तीन सदस्यीय मेडिकल टीम गठित की। टीम में डॉ. उदय श्रीवास्तव, डॉ. राहुल बरेलिया और डॉ. आलोक कुमार को शामिल किया गया। तीनों चिकित्सकों ने मिलकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की।

शवों को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सात एंबुलेंस उपलब्ध कराई गईं। वहीं, पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने भी सात बड़े एंबुलेंस की व्यवस्था कराई है। जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जाएगा। प्रशासन की ओर से परिजनों को शव उनके घर तक ले जाने में सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page