ग्यारह हजार विधुत तार के चपेट में आने से मानव बल की मौत पर हंगामा
मोतिहारी- अरेराज मुख्य पथ में तुरकौलिया चौक दो घंटे रहा जाम
तुरकौलिया। बिजली विभाग के तरफ से मानव बल के रूप में कार्यरत 22 वर्षीय एक युवक की मौत गुरूवार को हो गई। जानकारी के अनुसार जयसिंहपुर दक्षिणी पंचायत स्थित एक ट्रांसफार्मर पर मानव बल आलोक कुमार बिजली का काम कर रहा था। जहां अचानक पावर हाउस से किसी के द्वारा बिजली सप्लाई कर दिया गया।
नतीजतन ग्यारह हजार बोल्ट की तार के चपेट में आने से वह झुलस गया। इस दर्दनाक घटना की खबर जंगल के आग की तरह फैल गई। मृतक आलोक विशुनपुरवा गांव के विनय सिंह कुशवाहा का पुत्र बताया गया है। जिसका शादी विगत साल हुई थी। एक छह माह की पुत्री भी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख चित्कार मच गया। घटनास्थल पर परिजन सहित सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ा पडा़ । नतीजतन आक्रोशित लोगों ने मोतिहारी- अरेराज मुख्य पथ स्थित तुरकौलिया मुख्य चौक पर शव को रखकर दो घंटे तक आवागमन बंदकर बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया।
परिजन विभाग के अज्ञात कर्मी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कठोर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे स्थानीय थानाध्यक्ष रंजीत कुमार एव अंचलाधिकारी प्रभात कुमार ने लोगों को समझा बुझाकर सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। तत्पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मामले में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि परिजन द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कारवाई की जायेगी।

