सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा दुर्गा पूजा का त्योहार:जिला प्रशासन
-विधि व्यवस्था सहित नागरिक सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताः जिलाधिकारी
-कई लेयर में पुलिस वलों की होगी तैनाती, सादे लिबास में भी चौकसीः एसपी
मोतिहारी। समाहरणालय स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में हुई।
डीएम ने कहा कि आप सभी के सहयोग से दुर्गा पूजा के त्यौहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान नागरिको की सुरक्षा के साथ-साथ उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुगम यातायात तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था का संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फलस्वरूप उन्होने सभी पदाधिकारियों को इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिए।
बैठक के प्रारंभ में सर्वप्रथम जिलाधिकारी ने शांति समिति के सभी सदस्यों का स्वागत किया एवं सभी सदस्यों से बारी बारी से उनके क्षेत्र में दुर्गा पूजा की तैयारी की जानकारी प्राप्त किया। सदस्यो ने प्रशासन को हर संभव मदद करते हुए दशहरा के महा उत्सव को सफल बनाने में सहयोग भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष दुर्गा पूजा का त्यौहार 12.10.2026( सोमवार) कलश स्थापना से प्रारंभ होकर सप्तमी एवं महाअष्टमी 17 एवं 18 अक्टूबर, महानवमी दिनांक 19.10.2026 एवं विजयदशमी दिनांक 20.10.20 26 को मनाया जाएगा। नतीजतन प्रशासनिक दृष्टिकोण से इस पर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए काफी सतर्कता बरतने की जरूरत है।

कभी-कभी अफवाहों के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है। डीएम ने कहा कि जिले में संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किए गए है और वहां की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है। थाना और अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर ली गई है। शांतिपूर्ण तथा सद्भाव के साथ इस पर्व को संपन्न कराने संबंधी सभी जरूरी निर्देश पूजा समितियां को दे दिए गए हैं। जिला स्तर पर एवं अनुमंडल स्तर पर 24 घंटे तीन पालीयों में कंट्रोल रूम बनाया गया है जो 17 अक्टूबर के पूर्वाह्न 6:00 बजे से विसर्जन की समाप्ति तक कार्यरत रहेगा। जिला के वरीय पदाधिकारियों को अनुमंडल स्तर पर पर्यवेक्षक के लिए अलग से प्रतिनियुक्ति की गई है।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी को संवेदनशील पूजा पंडालो के पास ऊंचे स्थानों पर वॉच टावर बनाने, सीसीटीवी कैमरा की अधिष्ठापन, फोटो कैमरा एवं वीडियो ग्राफर एवं ड्रोन की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है जो आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हुए और आसूचना तंत्र को मजबूत करेंगे और छोटी सी छोटी घटना की जिला कंट्रोल रूम नंबर 06252-242418 पर सूचना देंगे, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। अस्त्र शस्त्र के प्रदर्शन पर भी रोक लगाई गई है। जिला से लेकर अनुमंडल स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम गठित कर दी गई है, जो सभी स्थितियों पर नजर रखेगी। जिला में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की जिसमें बिहार मिलिट्री पुलिस और जिला पुलिस के जवान की तैनाती की गई है। बाइक पेट्रोलिंग से भी लगातार गस्ती कराये जाएगे। महिला सुरक्षा बल की प्रतिनिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सादे लिवास में भी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे जो हर तरह की स्थिति पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि साइबर टीम को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त अथवा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि खतरनाक घाटों पर विसर्जन नहीं हो, इसकी व्यवस्था शांति समिति एवं स्थानीय प्रशासन करेगी। नगर आयुक्त नगर निगम मोतिहारी ने कहा कि पूजा पंडालो के आस पास साफ सफाई पर नगर निगम का पूरा ध्यान केंद्रित किया है। सुबह और शाम दो पालीयों में सफाई टीम भेज करके सफाई कराई जा रही है। इस अवसर पर नगर आयुक्त,अपर समाहर्ता,उप विकास, सभी अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, सहित जिला के सभी अंचलों से आए शांति समिति के सदस्य गण उपस्थित थे।

