युवा सहयोग दल के प्रतिनिधिमंडल ने रक्सौल नगर परिषद को 12 सूत्री मांगो का ज्ञापन सौंपा
रक्सौल। युवा सहयोग दल के एक प्रतिनिधि मंडल ने दल के अध्यक्ष चौहान साजन सिंघानिया के नेतृत्व में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डाॅ. मनीष कुमार को 12 सूत्री मांग-पत्र सौंपा। जिसमें नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
ज्ञापन में मांग किया गया है कि पर्व-त्योहारों से पहले नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौक-चौराहों एवं गली-मोहल्लों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाए। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, लिहाजा पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था आवश्यक है।
वही सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नालों की नियमित सफाई कराने, कूड़ा-कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करने तथा जल-जमाव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था की मांग की गई। दल ने प्रमुख बाजारों में भीड़ को देखते हुए सुगम आवागमन, सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार फॉगिंग एवं मच्छररोधी दवाओं के छिड़काव, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई तथा रखरखाव की व्यवस्था, अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई, नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगें शामिल है।
मौके पर सूरज पटेल, सतीश केशरी, राजन जयसवाल, बिकेश कुमार, अमित यादव, रवि सर्राफ, अमित मिश्रा, कृष्ण कुमार, नीरज कुशवाहा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

