मानव तस्करी, बाल श्रम और साइबर अपराध के प्रति पुलिस दीदी टीम ने किया जागरूक

मानव तस्करी, बाल श्रम और साइबर अपराध के प्रति पुलिस दीदी टीम ने किया जागरूक
Facebook WhatsApp

-छात्र-छात्राओं को प्रलोभन से बचने,अनजान व्यक्ति के बहकावे में नहीं आने की दी सलाह

रक्सौल। बच्चों को मानव तस्करी, बाल श्रम और साइबर अपराध जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरूवार को पुलिस दीदी टीम की ओर से विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसआई जेबा प्रवीन ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक समस्याओं, महिला सशक्तिकरण, बाल श्रम, मानव व्यापार और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बच्चों को इन अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी तरह के प्रलोभन में नहीं आने की सलाह दी।

एसआई जेबा प्रवीन ने कहा कि कई बार असामाजिक तत्व बच्चों को बेहतर भविष्य, अच्छी नौकरी, अधिक पैसे कमाने या अन्य सुविधाओं का लालच देकर बहला-फुसलाने का प्रयास करते हैं। इसके बाद उन्हें गलत गतिविधियों और बाल श्रम जैसे कार्यों में धकेल दिया जाता है। जबकि छात्र-छात्राओं को आगाह करते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए और न ही उसके प्रलोभन में आकर कहीं जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगे या कोई उन्हें गलत काम के लिए प्रेरित करे, तो इसकी जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को देनी चाहिए। कार्यक्रम में साइबर अपराध के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने बच्चों को अपनी निजी जानकारी, मोबाइल नंबर, पासवर्ड और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा अनजान लिंक और संदिग्ध संदेशों से दूर रहने की बात भी कही गई।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज में बाल श्रम, मानव तस्करी और महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए सामूहिक जागरूकता जरूरी है। अंत में पुलिस दीदी टीम ने छात्र-छात्राओं से सतर्क रहने, गलत गतिविधियों की सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page