गुजरात के गांधीनगर की रासायनिक कंपनी में हादसा, चार श्रमिकों की मौत

गुजरात के गांधीनगर की रासायनिक कंपनी में हादसा, चार श्रमिकों की मौत
Facebook WhatsApp

गांधीनगर। गुजरात के गांधीनगर जिले के छत्राल औद्योगिक क्षेत्र (जीआईडीसी) स्थित एक रासायनिक कंपनी में भीषण हादसा हो गया। कंपनी में गर्म रसायन की पाइप फटने से चार श्रमिकों की मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी है। एसपी गांधीनगर रवि तेजा वासमसेट्टी ने इसकी पुष्टि की है।

कलोल तालुका के छत्राल जीआईडीसी के फेज-4 स्थित ‘कोविका डाइज एंड इंटरमीडिएट्स’ नामक रासायनिक कंपनी में 70 से 80 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले गर्म रसायन की प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान कुछ श्रमिक रसायन की पाइप फिट करने का काम कर रहे थे। तभी अत्यधिक दबाव के कारण पाइप फट गई और गर्म रसायन श्रमिकों के शरीर पर गिर गया। इस हादसे में चार श्रमिकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में मारे गए श्रमिकों की पहचान विनोद कुमार सिंह,लक्ष्मण मीणा, सिकंदर देहरी और टेड़ा देहरी के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कंपनी में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है। जाँच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।इस बाबत गांधीनगर एसपी रवि तेजा वासमसेट्टी ने बताया कि छत्राल जीआईडीसी में कोविका कलर कम्पनी में बॉयलर फटने से 4 लोगों की मौत हो गई है और आग भी लगी है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page