संदिग्ध स्थिति ने पानी से भरे धान के खेत से युवक का शव का बरामद , परिजनों को हत्या की आशंका
-तीन दिन से लापता 22 वर्षीय जमालुद्दीन उर्फ अंगूर को घर से ले गया था दोस्त , दो लोग हिरासत में
कोटवा। थाना क्षेत्र के गढ़वा खजुरिया में मंगलवार को पानी भरे धान के खेत से एक युवक का शव संदिग्ध हालात में बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्थानीय गांव के निवासी मोहम्मद जुल्फिकार के 22 वर्षीय पुत्र जमालुद्दीन उर्फ अंगूर के रूप में हुई है।
युवक पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।वहीं, परिजनों ने हत्या कर शव को पानी में फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को धान के खेत में पानी से भरे गड्ढे में युवक का शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। गड्ढे में घुटने भर पानी बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोटवा थाना और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जितेश पांडेय इंस्पेक्टर सुरेश कुमार यादव, एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल पर पहुंचे।

सभी टीमों ने मौके पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक, जमालुद्दीन उर्फ अंगूर तीन दिन पहले अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मृतक सात भाइयों में पांचवें स्थान पर था।शव की स्थिति को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। प्रत्यक्ष रूप से देखने पर युवक की एक आंख बाहर की ओर उभरी हुई और जीभ बाहर निकली हुई प्रतीत हो रही थी। हालांकि, शरीर पर बाहर से चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं दिखे।
मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इस संबंध में डीएसपी जितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जहा से एसकेएमसीएच रेफर किया गया है।

