ब्रिटिश कालीन जर्जर पुल का हिस्सा गिरने से बच्चे की मौत, मुखिया समेत छह घायल

ब्रिटिश कालीन जर्जर पुल का हिस्सा गिरने से बच्चे की मौत, मुखिया समेत छह घायल
Facebook WhatsApp

चारा काटने गए बच्चे पुल पर खेलने लगे, तभी हुआ हादसा, चार बच्चों की हालत गंभीर

ढाका। शिकारगंज थाना क्षेत्र के भागवतपुर भलुअहिया गांव में रविवार को कछुआ नदी पर बने पुराने पुल का एक हिस्सा गिरने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे रूपहरा पंचायत के मुखिया मनीष कुमार सिंह उर्फ भुलावन सिंह और पंचायत समिति सदस्य अनुराग कुमार समेत दो अन्य लोग भी पुल का दूसरा हिस्सा धंसने से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान गांव निवासी शंभू महतो के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है। वह राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र था। बताया जाता है कि छोटू अपने चार साथियों गोपाल महतो (13), राजा कुमार (8), मनीष कुमार (9) और शंकर कुमार (10) के साथ सरेह में पशुओं के लिए चारा काटने गया था। काम खत्म करने के बाद सभी बच्चे पुराने पुल पर खेलने लगे। इसी दौरान पुल का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से छोटू की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने चारों घायल बच्चों को ढाका रेफरल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर पहुंचे मुखिया और पंचायत समिति सदस्य भी पुल के बचे हिस्से पर चढ़कर स्थिति का जायजा लेने लगे। इसी दौरान पुल का दूसरा हिस्सा भी धंस गया, जिससे दोनों घायल हो गए। सूचना मिलते ही शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार और राजस्व अधिकारी श्रीनिवास प्रसाद मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, बेटे की मौत से मां रंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। हादसे ने क्षेत्र में जर्जर पुलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page