दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर किलाबंदी, सैकड़ों लोग नजर बंद

दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर किलाबंदी, सैकड़ों लोग नजर बंद
Facebook WhatsApp

नोएडा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के कारण गौतमबुद्ध नगर पुलिस सुबह से अलर्ट है।दिल्ली जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। नोएडा से दिल्ली जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेड लगाकर किलाबंदी की गई है। पुलिस एक-एक वाहनों को चेक कर रही है। ज्यादातर वाहनों को बॉर्डर से ही लौटा दिया जा रहा है। आज दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। इस प्रदर्शन के चलते एनसीआर की औद्योगिक, वाणिज्यिक, आइटी सेक्टर, और कारोबारी इकाइयों पर भी भारी असर पड़ा है।

काफी संख्या में लोग रोजाना दिल्ली से नोएडा और नोएडा से दिल्ली काम करने के लिए आते- जाते हैं। दिल्ली की फैक्ट्रियों, दुकानों, व्यापारिक संस्थानों, विभिन्न मंत्रालय में काम करने वाले लोग नोएडा मे रहते हैं। उनका भी आना-जाना लगभग बंद है। नोएडा पुलिस दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर विभिन्न बॉर्डर पर सघन जांच अभियान चला रही है। गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने इस बीच 10 दिन के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 लागू कर दी है।

दिल्ली-नोएडा के सभी बॉर्डर पर देर रात से ही सख्ती बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों से भरी बसें बॉर्डर तक पहुंचने की दशा में अतिरिक्त तैयारी की गई है। अगर बसें पहुंचती हैं तो पुलिस यहीं से उन्हें वापस कर देंगी। आज सिर्फ आपातकालीन सेवा और अन्य कामकाज के लिए दिल्ली जाने वालों को ही आगे जाने दिया जा रहा है। दिल्ली जाने के लिए चालकों को ठोस कारण बताना पड़ रहा है। शुक्रवार से आज सुबह तक विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों के करीब दो हजार लोगों को नोएडा पुलिस द्वारा विभिन्न जगहों और उनके घरों मे नजरबंद किया गया है।अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि प्रदर्शन को देखते हुए दो कंपनी पीएसी बाहर से आई हैं। एक कंपनी जिले की है। ऐसे में पीएसी की तीन कंपनियां जिले के अलग-अलग हिस्से में तैनात है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्योहारों और परीक्षा के मद्देनजर जिले में 10 से 20 अक्टूबर तक धारा-163 लागू कर दी है।

वही दिल्ली में प्रदर्शन के चलते दादरी स्टेशन पर भी सर्तकता बरती जा रही है। आज सवेरे से ही आरक्षण काउंटर बंद कर दिए गए है। उस पर तकनीकी खामी होने की सूचना चस्पा कर दी गई है। प्रयागराज से सवेरे पहुंचने वाली एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। हालांकि, इसको लेकर कोई भी रेलवे का अधिकारी कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। स्टेशन मास्टर हेमंत कुमार का कहना है कि अभी गेट बंद नहीं किया गया है। न ही यात्रियों को रोका जा रहा है।

सीजेपी के प्रदर्शन के चलते शनिवार को दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशन लोगों के लिए बंद है। नोएडा में इसका कोई असर नहीं है। लोग रोजाना की तरह यहां के मेट्रो स्टेशनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ब्लू और मजेंटा लाइन के नोएडा में 13 स्टेशन है, जबकि नोएडा से ग्रेनो को जोड़ने वाली एक्वा लाइन पर 21 स्टेशन हैं। नोएडा या नोएडा-ग्रेनो को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन का कोई भी स्टेशन बंद नहीं करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नोएडा बॉर्डर से सटे न्यू अशोक नगर और कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन को बंद रखा जाएगा।

सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर नोएडा पुलिस ने सोशल मीडिया की निगरानी के लिए दो टीमें बनाई हैं। ये टीमें सोशल मीडिया मंचों पर की जा रही हर पोस्ट और संदेशों पर नजर रख रही हैं। खासतौर पर ऐसी पोस्ट की निगरानी की जा रही है, जिन्हें पुलिस आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाला मानती है। पुलिस का उद्देश्य भ्रामक सूचनाओं, भड़काऊ संदेशों और अफवाहों के प्रसार पर नजर रखना है। संबंधित पोस्ट सामने आने पर तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page