जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस की चौकसी,किसी को भी पहुंचने की अनुमति नहीं
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और अन्य संगठनों का विरोध प्रदर्शन आज राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित है।दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। बावजूद इसके लोग जंतर-मंतर पर पहुंचने लगे हैं। सीजेपी व अन्य की प्रमुख मांगें हैं – कुमार का इस्तीफा। उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई हो। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) को रोका जाए। जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल हो। स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही 2023 के चुनाव आयुक्त नियुक्ति कानून को रद किया जाए।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर क्षेत्र में बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी है। पुलिस और अर्धसैनिक बल के हजारों जवानों को तैनात किया गया है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है। दिल्ली के कई इलाकों में इंटरनेट पर पाबंदी लगा दी है। दिल्ली मेट्रो के इतिहास में 57 मेट्रो स्टेशन शुक्रवार रात नौ बजे से आज स्थिति सामान्य होने तक बंद कर दिए गए हैं। सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन भी शुक्रवार रात नौ बजे से आज रात 10 बजे तक बंद रहेंगे।
इस दौरान आनंद विहार से मोदीपुरम के बीच नमो भारत ट्रेन सेवा तय समय पर परिचालित होती रहेंगी। दिल्ली पुलिस ने अब तक 200 लोगों को हिरासत में लिया है। यह सीजेपी और वाम दल के सक्रिय समर्थक बताए गए हैं। इस प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार दोपहर दो बजे के बाद नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन से चलने वाली सभी ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। आज सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक इन स्टेशनों पर आने वाली ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है।
आज राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत सहित 224 से अधिक ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इसमें 179 लोकल ट्रेन शामिल हैं। नई दिल्ली जिला में जनपथ-कर्तव्य पथ से चार किलोमीटर की दूरी में इंटरनेट सेवाएं भी शुक्रवार रात 10 बजे से 24 घंटे के लिए बंद कर दी गई हैं।

