कटिहार में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, मची अफरा-तफरी

कटिहार में दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या, मची अफरा-तफरी
Facebook WhatsApp

कटिहार। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यस्त पटेल चौक के समीप बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े कटिहार व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी।व्यस्ततम इलाके में खुलेआम हुई इस दुस्साहसिक वारदात से शहर में सनसनी फैल गई और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, रोजीतपुर निवासी गुड्डू अंसारी पटेल चौक के समीप से गुजर रहे थे, तभी पूर्व से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उन पर नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते, अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक गुड्डू अंसारी कटिहार कोर्ट में नियमित वकालत करते थे। उनके पिता भी जिले के प्रतिष्ठित अधिवक्ता थे। दिनदहाड़े एक वकील की नृशंस हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में साथी अधिवक्ता, स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल व अस्पताल पहुंचे। कोर्ट परिसर में घटना को लेकर गहरा रोष है और अधिवक्ताओं ने अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगी दुकानों व प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रूट और उनकी पहचान का सुराग मिल सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए शहर की नाकेबंदी कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page