डॉ. अनुज के समर्थन में अनंत सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा, उमड़ा जनसैलाब

डॉ. अनुज के समर्थन में अनंत सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा, उमड़ा जनसैलाब
Facebook WhatsApp

नवादा। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में जदयू विधायक अनंत सिंह ने शनिवार को नवादा जिले में जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर स्नातक मतदाताओं से समर्थन और वोट मांगा।यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर समर्थकों और मतदाताओं की भीड़ उमड़ी। वारिसलीगंज के शहीद चंदन सिंह चौक पर आयोजित सभा में हजारों लोगों की मौजूदगी में अनंत सिंह ने डॉ. अनुज सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक अनंत सिंह ने कहा कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में डॉ. अनुज सिंह की जीत तय है। उन्होंने दावा किया कि डॉ. अनुज सिंह भारी बहुमत से विधान पार्षद निर्वाचित होंगे, जबकि सभी अन्य प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वारिसलीगंज में उमड़ी भीड़ ने चुनाव को लेकर मतदाताओं के रुझान का संकेत दे दिया है। हालांकि अंतिम निर्णय स्नातक मतदाता अपने मताधिकार से करेंगे।उन्होंने कहा कि डॉ. अनुज सिंह शिक्षाविद् होने के साथ-साथ समाजसेवी भी हैं। स्नातकों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए वे लगातार काम करते रहे हैं। उन्हें विधान परिषद भेजने से स्नातकों की आवाज मजबूती से सदन तक पहुंचेगी।

जन आशीर्वाद यात्रा वारिसलीगंज से शुरू होकर पकरीबरावां, नवादा सहित करीब एक दर्जन स्थानों से गुजरी। इस दौरान अनंत सिंह ने जगह-जगह रुककर स्नातक मतदाताओं से संवाद किया और डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की। यात्रा के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।

सभा में डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि वे स्नातकों के लिए भाई और बेटे की तरह हमेशा सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद स्नातकों को रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए कोचिंग सेंटर और स्नातक भवन स्थापित करने की योजना है, ताकि स्नातक सम्मानपूर्वक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें और अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।

कार्यक्रम में एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ नेताओं ने भी सभा को संबोधित करते हुए डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में मतदान की अपील की। जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जेसीबी से फूलों की वर्षा की गई। इस दौरान अनंत सिंह ने कहा कि जिस तरह आज फूलों की पंखुड़ियां बरस रही हैं, उसी तरह डॉ. अनुज सिंह की जीत के बाद स्नातकों के बीच खुशियों की लहर दौड़ेगी। यात्रा के दौरान समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में माहौल बनाया।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page