केसरिया में रुपये के विवाद में युवक पर फेंका तेजाब
केसरिया। नगर पंचायत में रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक पर तेजाब फेंके जाने का मामला सामने आया है।घटना वार्ड संख्या-9 की बताई गई है।
तेजाब से झुलसे युवक की पहचान वार्ड संख्या नौ निवासी गुंजन कुमार सिंह के रूप में हुई है।बताया जाता है कि रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने गुंजन कुमार सिंह के ऊपर तेजाब फेंक दिया।
तेजाब से युवक के शरीर के कई हिस्से झुलस गए।आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में गुंजन को केसरिया स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।
इधर, विवाद में दूसरे पक्ष के तीन लोगों के भी घायल होने की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि तीनों घायलों का इलाज मुजफ्फरपुर में चल रहा है।
हालांकि, विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच वास्तव में क्या हुआ और तेजाब फेंके जाने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
पुलिस ने फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलने से इनकार किया है। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में थाने में अब तक किसी पक्ष की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है।
आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

