जमीनी विवाद में सगे भाई ने कर दी भाई की हत्या , गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद
मोतिहारी। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जानपुल चौक इलाके में भाई-भाई का रिश्ता शर्मसार हो गया। वहां एक भाई ने मामूली जमीनी विवाद और शराब पीने से मना करने से नाराज होकर अपने ही सहोदर भाई की धारदार चाकू से गर्दन रेतकर निर्मम हत्या कर दी।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।मृतक की पहचान जानपुल चौक निवासी अनुराग गुप्ता के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके सगे भाई अजीत गुप्ता ने की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे भाई अजीत को गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त एक टांगी को भी बरामद कर लिया है।
परिजनों व स्थानीय लोगों के अनुसार, अनुराग गुप्ता अपने भाई अजीत को शराब पीने से मना करता था और बुरी लत छोड़ने की सलाह देता था। इसके अलावा दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था। इसी को लेकर अजीत ने धारदार हथियार से अनुराग की गर्दन रेत दी और घर से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
मामले में स्थानीय वार्ड पार्षद चंदन जायसवाल ने बताया कि “मृतक तीन भाई हैं, जिनमें से एक भाई ने शराब पीने के विवाद और जमीनी रंजिश में दूसरे भाई की गर्दन रेतकर हत्या कर दी है।
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर इस मामले में डीएसपी सदर वन दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक स्पेशल टीम गठित की गई जिसने घटना का उद्वेदन कर दिया है और हत्यारे भाई को गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम में डीएसपी के अलावा नगर थाना अध्यक्ष राजीव रंजन , सब इंस्पेक्टर सौरभ कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

