तमिलनाडु सरकार 2027 पोंगल पर्व से देगी साल में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर,1.38 करोड़ परिवार होंगे लाभान्वित

तमिलनाडु सरकार 2027 पोंगल पर्व से देगी साल में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर,1.38 करोड़ परिवार होंगे लाभान्वित
Facebook WhatsApp

चेन्नई। तमिलनाडु में पात्र परिवारों को साल में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना आगामी 2027 में पोंगल पर्व से लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को विधानसभा में इसकी घोषणा की।योजना के तहत पात्र गृहिणियों को हर वर्ष तीन एलपीजी सिलेंडर का लाभ मिलेगा।

तमिलनाडु विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा 17 अगस्त से जारी है। दो दिनों के अवकाश के बाद सोमवार सुबह 9.30 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। इसी दौरान मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा के नियम 110 के तहत मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर योजना की घोषणा की।

सरकार ने इस योजना को ‘अन्नपूर्णी सुपर 6’ के तहत लागू करने का फैसला किया है। इसके लिए हर वर्ष करीब 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा। सरकार के अनुसार, योजना से राज्य के 1 करोड़ 38 लाख 16 हजार 104 परिवार लाभान्वित होंगे।योजना के दायरे में सालाना 2.5 लाख रुपये तक की आय वाले आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के अलावा छोटे एवं सीमांत किसान परिवार तथा दिव्यांग व्यक्तियों के परिवारों को भी शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विजय ने बताया कि लाभार्थियों को पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत गैस सिलेंडर बुक कराना होगा और उसे प्राप्त करना होगा। इसके बाद तेल कंपनियों से लाभार्थियों की सूची प्राप्त की जाएगी और संबंधित सिलेंडर की कीमत सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा कराई जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना को लागू करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। सरकार के अनुसार, इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर रसोई गैस के बढ़ते खर्च का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के प्रमुख चुनावी वादों में शामिल था। विधानसभा में मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद पार्टी समर्थकों और संभावित लाभार्थी परिवारों में उत्साह देखा गया।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page