कोटा में सड़क हादसा, महाराष्ट्र के एक परिवार के नौ सदस्यों की मौत

कोटा में सड़क हादसा, महाराष्ट्र के एक परिवार के नौ सदस्यों की मौत
Facebook WhatsApp

कोटा (राजस्थान)। कोटा-उदयपुर नेशनल हाइवे पर शंभूपुरा गांव के पास शनिवार आधीरात बाद लगभग एक बजे सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के नौ सदस्यों की जान चली गई।हादसे में कई लोग घायल हो गए। घटना नांता थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल पहुंचे। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बचाव कार्य की निगरानी की।

पुलिस के अनुसार, क्रूजर में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 16 सदस्य यात्रा कर रहे थे। परिवार धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए मंगलवार को महाराष्ट्र से रवाना हुआ। श्रद्धालुओं ने पहले मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और फिर राजस्थान के पुष्कर व खाटूश्यामजी में दर्शन किए। शनिवार रात सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे।

हादसे में क्रूजर सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माधवी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, घायलों को अस्पताल लाया गया है। गंभीर रूप से घायल मनीषा को वेंटिलेटर पर रखा गया है।

मृतकों की पहचान उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी के रूप में हुई है। एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घायलों में जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), सृजेत (3) और ट्रक चालक हारून (43) शामिल हैं। इनका न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।

दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर के पीछे दूसरे वाहन में सफर कर रहे प्रदीप ने बताया कि परिवार के सभी 36 सदस्य तीन गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। खाटूश्यामजी से दर्शन करने के बाद शनिवार रात महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए। प्रदीप के मुताबिक, रास्ते में सभी गाड़ियां एक-दूसरे के आसपास चल रही थीं। अचानक आगे चल रही क्रूजर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

घायल ट्रक चालक हारून (43) मध्य प्रदेश के खंडवा का रहने वाला है। उसने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से ट्रक को सड़क किनारे रोकना पड़ा। वह ट्रक से कुछ दूर खड़ा था। इस दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार क्रूजर ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर लगने से वह करीब 20 फीट दूर जा गिरा और बेहोश हो गया। हारून के अनुसार, करीब दस मिनट बाद होश आने पर उसने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। उसके सिर और घुटनों में चोटें आई हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page