महाबीरी झंडा को लेकर शांति समिति की बैठक, जुलूस में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
-निर्धारित रूट से ही निकलेगा जुलूस, घातक हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक
सुगौली। महाबीरी झंडा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को सुगौली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार ने की।
बैठक में प्रखंड की 16 पंचायतों से अखाड़ा के लाइसेंसधारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में अधिकारियों ने महाबीरी झंडा जुलूस के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की। जुलूस के रूट, लाइसेंस एवं तिथि से संबंधित आवश्यक जानकारी लाइसेंसधारियों को दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा और किसी भी परिस्थिति में निर्धारित रूट में बदलाव नहीं किया जाएगा।
बैठक में जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी गई। साथ ही जुलूस में किसी भी प्रकार के घातक हथियार के प्रदर्शन पर भी रोक लगाने की बात कही गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
बैठक में समाजसेवी सह जदयू नेता अली हसन, धर्मेंद्र कुमार नायक, नुरुल होदा कुरैशी, मोहम्मद शाबिर, सरपंच अरविंद यादव, ओमप्रकाश सिंह, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, अंकुर चौधरी, प्रियांशु सर्राफ एवं अशोक सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। अधिकारियों ने सभी लाइसेंसधारियों से प्रशासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए महाबीरी झंडा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

