मजुराहा श्मशान घाट की जमीन कब्जे को लेकर ग्रामीणो में आक्रोश,डीएम से शिकायत के बाद जाँच करने पहुंची प्रशासन की टीम
पूर्वी चंपारण। जिले के तुरकौलिया अंचल क्षेत्र के नगर निगम वार्ड संख्या-32 स्थित मजुंराहा बेरुआ घाट श्मशान की जमीन पर भू-माफियाओ द्धारा कब्जे का मामला अब तूल पकड़ने लगा है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षो से श्मशान भूमि के रूप में उपयोग की जा रही करीब तीन कट्ठा जमीन पर कतिपय भू माफिया मिट्टी भराई कर उसे कब्जाने की कोशिश कर रहे है।लिहाजा ग्रामीणो में आक्रोश व्याप्त है।मामले को लेकर ग्रामीण जगरनाथ राय, हरिहर महतो, रामू सिंह, लकचन महतो, पुण्यदेव यादव, सुनर महतो और विश्वनाथ सिंह समेत करीब दो दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर सार्वजनिक श्मशान भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और कथित रूप से कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट की जमीन सार्वजनिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसका उपयोग क्षेत्र के लोग अंतिम संस्कार के लिए करते हैं। ऐसे में किसी निजी व्यक्ति द्वारा इस जमीन पर कब्जा करना गलत और गैरकानूनी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जमीन की स्थिति स्पष्ट कर उसे सुरक्षित कराने की मांग की है।
इधर ग्रामीणों की शिकायत के बाद मंगलवार को अंचल कर्मियों के साथ रघुनाथपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची स्थल का निरीक्षण कर मामले से संबंधित जानकारी जुटाई। प्रशासन की ओर से जमीन की वास्तविक स्थिति और कथित मिट्टी भराई की जांच की जा रही है।तुरकौलिया अंचलाधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद टीम भेजकर मामले की पूरी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि अनियमितता या अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

