गन्ना किसानों की आय सहित अन्य समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकताः जिलाधिकारी
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरव सुमन यादव की अध्यक्षता में क्षेत्रीय विकास परिषद, सुगौली की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास, गन्ना उद्योग के सुदृढ़ीकरण, किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा गन्ना उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी सह- अध्यक्ष, क्षेत्रीय विकास परिषद सुगौली,ईख पदाधिकारी, मोतिहारी-सह-सचिव, क्षेत्रीय विकास परिषद सुगौली, श्रीराम सिंह, सहायक निदेशक, ईख विकास, मोतिहारी, प्रागेंद्र गर्ग, जिला अभियंता, जिला परिषद, मोतिहारी, महाप्रबंधक, एस. आर. भारद्वाज, डी.जी.एम. सुगौली, विजय कुमार यादव, पवन राज, नागेंद्र कुमार, राजकिशोर राय सदस्य सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान गन्ना किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गन्ना क्रय व्यवस्था को और अधिक सुचारू एवं पारदर्शी बनाने, किसानों को समय पर गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करने, गन्ना क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं को मजबूती तथा किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
परिषद के सदस्यों द्वारा क्षेत्र में किसानों के समक्ष आने वाली समस्याओं, गन्ना आपूर्ति एवं क्रय व्यवस्था, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं सहित स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया। फलस्वरूप संबंधित पदाधिकारियों द्वारा इन समस्याओं के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में यह भी कहा गया कि गन्ना किसान, चीनी उद्योग एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ही क्षेत्र में गन्ना उद्योग को नई गति प्रदान की जा सकती है।इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया गया।
बैठक का उद्देश्य गन्ना उद्योग की मजबूती के साथ ही किसानों की आय एवं सुविधाओं में वृद्धि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देना को लेकर आयोजित किया गया था। क्षेत्रीय विकास परिषद, सुगौली की बैठक को क्षेत्र के विकास एवं गन्ना किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

