नाबालिग दलित छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी निजी विद्यालय का शिक्षक ने कोर्ट में किया सरेंडर
मोतिहारी। राजेपुर थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव स्थित एमएस पब्लिक स्कूल के हेडमास्टर विक्की सिंह ने सोमवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया। उन पर 12 वर्षीय दलित छात्रा से दुष्कर्म और उसे नशीली दवा देने का आरोप है।
पीड़िता की मां के आवेदन पर महिला थाना मोतिहारी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आवेदन में कहा गया है कि आरोपी पढ़ाई के बहाने बच्ची को स्कूल के एक कमरे में ले जाता था और वहां अश्लील हरकतें करता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और गाली-गलौज के साथ जातिसूचक शब्द बोले जाते थे।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची को चुप कराने के लिए उसे इंजेक्शन और नशीली दवाएं भी दी गईं। मामले के सामने आने के बाद पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। दबाव बढ़ने पर आरोपी ने सोमवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत की जाएगी और पीड़िता का बयान व मेडिकल जांच के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

