बांकीपुर चुनाव:सम्राट चौधरी व नितिन नवीन समेत राजग नेताओ ने किया रोड शो

बांकीपुर चुनाव:सम्राट चौधरी व नितिन नवीन समेत राजग नेताओ ने किया रोड शो
Facebook WhatsApp

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के अंतिम दौर के प्रचार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने रोड शो का आयोजन किया। इस रोड शो का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन ने किया।उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रवि शंकर प्रसाद, मंत्री श्रवण कुमार, संतोष कुमार सुमन, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी तथा एनडीए के अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि एक रथ पर सवार होकर जनता का अभिवादन करते रहे।

भाजपा-राजग के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा भी पूरे रोड शो के दौरान नेताओं के साथ मौजूद रहे।

भट्टाचार्य मोड़ से प्रारंभ हुआ यह रोड शो भाजपा के झंडों, बैनरों और स्वागत द्वारों से सजा हुआ था। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने फूलों की वर्षा कर नेताओं का स्वागत किया। जगह-जगह महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और व्यापारियों ने पुष्पमालाएं, गुलदस्ते और जयघोष के साथ नेताओं का अभिनंदन किया।रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नितीन नवीन लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते रहे। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

घरों की बालकनियों, छतों और झरोखों से लोगों ने पुष्पवर्षा कर नेताओं का स्वागत किया। अनेक स्थानों पर महिलाओं ने अपने घरों की छतों से आरती उतारकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नितीन नवीन और राजग नेताओं का अभिनंदन किया।

पूरा वातावरण भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय श्रीराम तथा भाजपा के समर्थन में गूंजते नारों से उत्साहपूर्ण बना रहा।

रोड शो का निर्धारित मार्ग भट्टाचार्य मोड़ से प्रारंभ होकर उमा सिनेमा, बुद्ध मूर्ति चौराहा, कदमकुआं वेडिंग जोन, नाला रोड चौराहा, ठाकुरबाड़ी रोड, रूपक सिनेमा, उद्योग भवन होते हुए मोना सिनेमा के समीप पहुंचा, जहां यह एक जनसभा में परिवर्तित हो गया।बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड से बड़ी संख्या में भाजपा एवं राजग कार्यकर्ता अपने-अपने झंडों और बैनरों के साथ रोड शो में शामिल हुए। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाएं भी बड़ी संख्या में सड़क किनारे खड़ी होकर नेताओं का स्वागत करती रहीं। कई स्थानों पर पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच नेताओं का अभिनंदन किया गया।

पूरे रोड शो के दौरान सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था की गई थी।

भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता का यह अपार जनसमर्थन मतदान के दिन रिकॉर्ड मतों में परिवर्तित होगा और भाजपा-एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे।

पार्टी ने इसे केवल एक चुनावी रोड शो नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता द्वारा विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने विश्वास का विराट जनप्रदर्शन बताया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page