एसएसबी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू किया 30 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम
रक्सौल। 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रक्सौल की बाह्य सीमा चौकी महादेवा कार्यक्षेत्र अंतर्गत ग्राम महादेवा में नागरिक कल्याण कार्यक्रम (वित्तीय वर्ष 2026-27) के तहत 15 सीमावर्ती महिलाओं के लिए 30 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र की महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे घरेलू स्तर पर स्वरोजगार शुरू कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में योगदान दे सकें। उद्घाटन समारोह में उप कमांडेंट नवीन कुमार साह ने कहा कि एसएसबी सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उप कमांडेंट रवि प्रताप वर्मा, सरपंच प्रतिनिधि वामिक हुसैन ग्राम पंचायत नोनियाडी, समवाय प्रभारी महादेवा निरीक्षक सही राम, राजकीय मध्य विद्यालय महादेवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक सर्वेश सिंह पटेल, स्थानीय नागरिक, मीडियाकर्मी, प्रशिक्षण प्राप्त कर रही प्रतिभागी महिलाएं तथा 47 वीं वाहिनी एसएसबी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।

