47 वीं एसएसबी के तत्वाधान में निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन
पूर्वी चंपारण। 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के “एच” समवाय, सेनुवारिया के तत्वाधान में अपने कार्यक्षेत्र के वाइब्रेंट विलेज सेनुवारिया स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में मेडिकल सिविक एक्शन (एमसीए) कार्यक्रम के तहत निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करना था। शिविर में 47वीं वाहिनी के कमांडेंट डॉ. निशिकांत ने लगभग 250 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस दौरान खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण, उच्च रक्तचाप, मधुमेह (शुगर), त्वचा रोग सहित वर्षा ऋतु में होने वाली अन्य सामान्य बीमारियों की जांच कर आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। तत्पश्चात मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने, दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव, मच्छरों से फैलने वाले रोगों की रोकथाम तथा बरसात के मौसम में अपनाई जाने वाली आवश्यक स्वास्थ्य सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए एसएसबी का आभार व्यक्त किया।

