कनिहार नदी मे डूबने से 7 वर्षीय बच्चे की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
सुगौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के फुलवरिया पंचायत के कनिहार नदी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के फुलवरिया पंचायत के वार्ड नम्बर 9 नुनिया टोला निवासी साहेब महतो का 7 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार का शव फुलवरिया के कनिहार नदी में मिला।
बताया गया कि गुलशन शुक्रवार को अपने गांव के बच्चों के साथ निकला था। जब वह देर शाम तक वापस नही लौटा तो घर वाले बेचैन हो गए। उसके बाद उसके परिजन खोजबीन करने लगे,लेकिन कही भी पता नही लगा।परिजनों ने हार थक कर थाना में आवेदन दिया। मृतक के पिता ने बताया कि गांव के बच्चों के साथ निकला गुलशन निकला था।
शनिवार की सुबह जब गांव के लोग कनिहार नदी की ओर गए तो देखा कि एक बच्चे का शव पानी में उपला रहा है।जिसकी खबर गांव वालों को मिली।खबर मिलते हीं मृतक के परिजन व गांव वाले नदी की ओर गए।नदी से बच्चे के शव को लोगो ने बाहर निकाला। जिसे देख परिजन छाती पीट -पीट कर रोने लगे।घटना की सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और घटना के बारे में लोगो से जानकारी ली।उसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। मृतक के परिजन को मुखिया अवधेश कुशवाहा,सरपंच रूपेश श्रीवास्तव,पैक्सध्यक्ष संजीव शर्मा,पूर्व सरपंच प्रमोद मिश्र सहित कई लोगों ने संतावना दी।

