भरत तिवारी एनकाउंटर: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांच गोलियां लगने की पुष्टि

भरत तिवारी एनकाउंटर: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांच गोलियां लगने की पुष्टि
Facebook WhatsApp

भोजपुर/पटना। बिहार के भोजपुर जिले में हुए चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भरत भूषण तिवारी के शरीर में पांच गोलियां लगने की पुष्टि हुई है।वहीं मामले की जांच जारी है और सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, भरत भूषण तिवारी को कुल पांच गोलियां लगी थीं। इनमें पहली गोली बाईं जांघ के ऊपरी अगले हिस्से में, दूसरी बाईं जांघ के अंदरूनी मध्य भाग में, तीसरी दाईं जांघ के अंदरूनी मध्य हिस्से में, चौथी दाईं जांघ के बाहरी हिस्से के अंदरूनी भाग में तथा पांचवीं गोली बाएं पैर के पिछले मध्य हिस्से में लगी थी।

रिपोर्ट में सामने आए निष्कर्ष उस प्रारंभिक चिकित्सकीय परीक्षण से भी मेल खाते हैं, जिसमें गंभीर रूप से घायल अवस्था में भरत भूषण तिवारी को आरा सदर अस्पताल लाया गया था। उस समय अस्पताल के सर्जन डॉ. एम.एच. अंसारी ने बताया था कि उसके पैर और पेट के निचले हिस्से में चार से पांच गोलियां लगी थीं।

इस बीच मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय झा ने कहा कि सरकार इस प्रकरण को गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू हो चुकी है और इसकी जिम्मेदारी एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस संवेदनशील मामले पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।

गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ के दौरान भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि भरत ने हथियार फेंककर आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद पुलिस ने उसे गोली मार दी। इस आरोप के बाद मामला विवादों में आ गया और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), थाना प्रभारी (एसएचओ) सहित पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page