मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर डीएम-एसपी सड़क पर उतरे
मोतिहारी। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्वक, सद्भाव एवं भाईचारे के बीच संपन्न कराने को लेकर गुरूवार की संध्या में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने पुलिस लाइन से एरिया डोमिनेंस अंतर्गत बाइक मार्च का नेतृत्व कर पर्व को शांतिपूर्ण मनाए जाने का संदेश दिया।
बाइक मार्च कचहरी चौक, थाना चौक, सदर अस्पताल के सामने से होते हुए गांधी चौक तक निकाला गया। मार्च में सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी भी शामिल थे। जाहिर है कि इस बार स्वयं डीएम-एसपी के सड़क पर उतर जाने के बाद शरारती तत्वों में भय व्याप्त होना स्वाभाविक साबित होना चाहिए।

बावजूद इसके किसी ने उपद्रव फैलाने की हिमाकत की तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई तय है। जबकि अनुमंडल प्रशासन पकड़ीदयाल के द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी मंगला कुमारी के नेतृत्व में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सद्भाव के साथ संपन्न कराने हेतु विधि व्यवस्था के मद्देनजर एरिया डॉमिनेंसी के तौर पर पकड़ीदयाल, मधुबन, फेनहारा प्रखंड मुख्यालय में फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस दौरान सभी लोगों से मोहर्रम के त्यौहार को सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि पूरा जिला प्रशासन हर कदम पर सहयोग के लिए तैयार है, कहीं भी गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके अतिरिक्त अन्य पांच अनुमंडल मुख्यालय में भी एसडीओ डीएसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया।

