नशा मुक्त अभियान को लेकर डीएम ने दिलाई शपथ,जागरूकता प्रभात फेरी को किया रवाना

नशा मुक्त अभियान को लेकर डीएम ने दिलाई शपथ,जागरूकता प्रभात फेरी को किया रवाना
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिला मुख्यालय मोतिहारी में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गुरुवार को आमजनो को जागरूक करने को लेकर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाकर किया।इसके बाद उन्होंने प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस जागरूकता प्रभात फेरी में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा एनसीसी के कैडेट के अतिरिक्त आम नागरिको ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा कोषांग एवं बुनियाद केंद्र के तमाम पदाधिकारी व कर्मी भी मुख्य रूप से जागरूकता प्रभात फेरी में शामिल रहे।

इस दौरान जागरूकता प्रभात फेरी में शामिल प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति से संबंधित प्रेरक व जागरूकता नारों के माध्यम से आम लोगों को हर तरह के नशे से दूर रहने तथा एक स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि एक नशा मुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों के भरोसे नहीं किया जा सकता। इसके लिए व्यापक जनभागीदारी और विशेषकर युवाओं की भूमिका बेहद अनिवार्य है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे नशे के विरुद्ध इस सामाजिक जागरूकता को फैलाने में मदद करें तथा स्वयं भी हर प्रकार के नशे से हमेशा दूर रहने का संकल्प लें।

इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आम जनता के बीच नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशा मुक्त भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।प्रभात फेरी जिला मुख्यालय के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां रास्ते भर आम नागरिकों को नशा त्यागने एवं एक बेहतर व स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना बहुमूल्य सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page