मेहसी में एनएच-28 पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, तीन गंभीर
मोतिहारी। मेहसी थाना के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे दो बड़े ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। दुर्घटना में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या पीबी-05-एपी-9791 मोतिहारी से मुजफ्फरपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और मुजफ्फरपुर से मोतिहारी की ओर जा रही ट्रक संख्या एनके-01-एएफ-0563 से आमने-सामने टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक ट्रक के चालक राजा कुमार, पिता जोगबनी सिंह, निवासी पंजाब, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों वाहनों के चालक एवं उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मेहसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेहसी पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरिंदर कुमार रवि ने बताया कि मृतक राजा कुमार पंजाब का निवासी था। घायलों में प्रदीप सिंह (पंजाब), मतलूब (25 वर्ष) पिता मुसाफिर तथा बबल (20 वर्ष) पिता मुसाफिर, निवासी उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। वहीं क्षेत्र में चार लोगों की मौत की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

