ट्विशा मौत मामला: आरोपित पति समर्थ 29 मई तक सीबीआई रिमांड पर

ट्विशा मौत मामला: आरोपित पति समर्थ 29 मई तक सीबीआई रिमांड पर
Facebook WhatsApp

भोपाल। भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को आरोपित पति समर्थ सिंह को भोपाल की जिला अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 29 मई तक के लिए सीबीआई की रिमांड पर भेज दिया है।अब सीबीआई की टीम समर्थ से नए सिरे से पूछताछ करेगी।

सुनवाई से पहले सीबीआई समर्थ को बुधवार सुबह भोपाल के जेपी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद दोपहर करीब ढाई बजे सीबीआई ने आरोपित को जिला अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूरी दे दी, जिसके बाद उसे सीबीआई की हिरासत में भेज दिया गया।

ट्विशा के परिवार की ओर से वकील अंकुर पांडे ने बताया कि मामले की जांच अब पूरी तरह सीबीआई को सौंप दी गई है। अब जांच एजेंसी आरोपित समर्थ से नए सिरे से पूछताछ करेगी।

वहीं, अब मामले की दिशा तय करने में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जांच को मजबूत करने के लिए सीबीआई पहले ही स्थानीय पुलिस से समर्थ सिंह का मोबाइल फोन, लैपटॉप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले चुकी है।

वकील अंकुर पांडे ने सीडीआर सुरक्षित रखने के लिए आवेदन दिया था, जबकि सास गिरिबाला सिंह की ओर से सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर एप्लीकेशन दायर की गई है। इस आवेदन पर भी मंगलवार को सुनवाई हुई थी। ट्विशा के परिजनों के आवेदन पर पुलिस ने कोर्ट को बताया कि घटना से जुड़े सभी संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर और टावर लोकेशन को सुरक्षित रखने के लिए संबंधित टेलीकॉम कंपनियों को आधिकारिक पत्र भेज दिए गए हैं।

मृतका के परिजनों ने कोर्ट में आवेदन देकर बेहद गंभीर दावा किया है। उनके मुताबिक, 12 मई की रात ट्विशा की मौत के तुरंत बाद सास गिरिबाला सिंह ने अपने मोबाइल से करीब 46 नंबरों पर ताबड़तोड़ कॉल किए थे। आरोप है कि इनमें से कई नंबर रसूखदार न्यायिक अधिकारियों और जांच एजेंसियों से जुड़े लोगों के थे, जिससे केस को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला था। मायके पक्ष इसे हत्या बता रहा है।इसके बाद से यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page