रक्सौल सूर्य मंदिर के जीर्णोद्धार को मिलेगी नई गति

रक्सौल सूर्य मंदिर के जीर्णोद्धार को मिलेगी नई गति
Facebook WhatsApp


-रिपूराज मिल प्रबंधन उठाएगा सौंदर्यीकरण का पूरा खर्च
रक्सौल। शहर की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन की पहचान बना ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण को लेकर बुधवार को रक्सौल थाना परिसर में सूर्य मंदिर समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। अध्यक्षता समिति के पदेन अध्यक्ष विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने की।

इस अवसर पर मंदिर परिसर के समग्र विकास, तालाब की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा इसे धार्मिक एवं पर्यटकीय आकर्षण के प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित करने को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। अपने उद्बोधन में विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने कहा कि सूर्य मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि रक्सौल की सांस्कृतिक पहचान एवं जनमानस की गहरी आस्था का केन्द्र है। हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इस ऐतिहासिक धरोहर की बुनियाद कमजोर न होने पाए।

इसके लिए शीघ्र ही दीर्घकालिक एवं प्रभावी कार्ययोजना बनाकर मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा। मंदिर को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु एवं पर्यटक यहां की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा से जुड़ सकें। वहीं उपस्थित रिपूराज मिल एग्रो प्रा. लिमिटेड के निदेशक रामेश्वर गुप्ता ने विधायक की अनुशंसा पर अपनी पूर्व घोषणा को दोहराते हुए कहा कि सूर्य मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण में आने वाली सम्पूर्ण राशि का वहन उनके द्वारा किया जाएगा। यह कार्य केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ा पुण्य कार्य है।


बैठक के उपरांत विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, एसडीएम मनीष कुमार, रक्सौल थानाध्यक्ष आईपीएस हेमन्त सिंह एवं समिति के सदस्यों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान रिपूराज एग्रो प्रा. लिमिटेड के निदेशक द्वारा प्रस्तावित जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। निरीक्षण के क्रम में विधायक ने नगर परिषद रक्सौल द्वारा मंदिर तालाब की कराई जा रही साफ-सफाई कार्य का भी जायजा लिया।

उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी रजनीश प्रियदर्शी ने दी है। बैठक में समिति के सचिव शम्भु प्रसाद चौरसिया, कोषाध्यक्ष गणेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी रजनीश प्रियदर्शी, राकेश कुशवाहा, अरुण कुमार गुप्ता, दिनेश धानोठिया, गुड्डू खेतान, पप्पू कुमार गिरि, कमलेश कुमार, अजय पटेल, मृत्युंजय सिंह सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page