मोतिहारी:भीषण गर्मी में लोगों को शीतल जल मुहैया कराने को लेकर महापौर ने किया पियाऊ का निरीक्षण
मोतिहारी। शहर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए आम नागरिकों एवं राहगीरों की सुविधा हेतु नगर निगम द्वारा विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पियाऊ (शुद्ध पेयजल केंद्र) का निरीक्षण महापौर प्रीति कुमारी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर द्वारा पियाऊ स्थलों पर उपलब्ध पेयजल की स्वच्छता, ठंडे पानी की व्यवस्था, नियमित जलापूर्ति एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
उन्होंने संबंधित कर्मियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पिआऊ केंद्रों पर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था लगातार सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में नागरिकों को राहत मिल सके। महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों एवं राहगीरों को गर्मी के इस कठिन समय में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनहित के कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा लोगों की सुविधा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रहा है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि गर्मी एवं लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतें, अधिक से अधिक पानी पिएं तथा अपने आसपास जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता करें। नगर निगम मोतिहारी द्वारा शहर में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने एवं नागरिकों को राहत पहुंचाने हेतु लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

