उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने 15 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने 15 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग में बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। सिंचाई भवन स्थित विभागीय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने 15 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।इनमें छह नवनियुक्त सहायक अभियंता, अनुकम्पा के आधार पर नियुक्त छह निम्नवर्गीय लिपिक तथा तीन कार्यालय परिचारी शामिल हैं।

समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब वे जल संसाधन विभाग परिवार का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का कार्यक्षेत्र मुख्य रूप से ग्रामीण इलाकों से जुड़ा हुआ है, जहां किसानों और आम लोगों को सिंचाई तथा बाढ़ सुरक्षा जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में विभागीय कर्मियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी विभाग की छवि उसके क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली, सक्रियता और ईमानदारी से बनती है। इसलिए सभी नवनियुक्त कर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नव नियुक्त सहायक अभियंताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करें। जमीनी स्तर पर निगरानी और सतत निरीक्षण से ही परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है और सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाया जा सकता है।

अनुकम्पा के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों का उल्लेख करते हुए विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान किसी कर्मचारी के निधन के बाद उनके आश्रितों को शीघ्र नियुक्ति प्रदान करना सरकार की मानवीय सोच और संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था को दर्शाता है।

उपमुख्यमंत्री ने अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने वाले विभागीय अधिकारियों और मुख्यालय कर्मियों की भी सराहना की। कार्यक्रम में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page