इंदौर में एक करोड़ की एमडी-ड्रग्स के साथ पांच गिरफ्तार

इंदौर में एक करोड़ की एमडी-ड्रग्स के साथ पांच  गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में क्राइम ब्रांच पुलिस की टीम ने मंगलवार को सुपर कॉरिडोर पर घेराबंदी एक कार से एक किलो एमडी ड्रग्स के साथ पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर राजेश कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार सुबह सुपर कॉरिडोर पर घेराबंदी की। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो कार और दो बाइक वहां पहुंचीं। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपित भागने लगे। भागने के दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने कार को जब्त कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें झालावाड़ निवासी नवीन सोलंकी (25) और शंकर सिंह (33), उज्जैन निवासी विक्रम सिंह (31), नरेंद्र सिंह (26) और इंदौर के सिलिकॉन सिटी निवासी गोविंद शर्मा (29) शामिल है। तलाशी के दौरान कार से एक किलो एमडी ड्रग्स, देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने ड्रग्स, दो बाइक, स्कॉर्पियो, हथियार और कारतूस समेत कुल एक करोड़ 21 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया है।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर सिंह ने बताया कि आरोपितों को रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ की जाएगी। पुलिस ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की बैकट्रेसिंग कर इसकी पूरी लिंक तोड़ने की कोशिश करेगी। साथ ही आरोपितों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। बरामद स्कॉर्पियो किसकी है और इस पूरे मामले में उसकी क्या भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी नवीन सोलंकी और गोविंद सैलून में काम करते हैं और रेपिडो भी चलाते हैं, जबकि बाकी आरोपित खेती किसानी का काम करते हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई करने जा रहे थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page