पूर्वी चंपारण में हुए दर्दनाक अग्निकांड में दो बच्चे समेत तीन जिंदा जले,एक गंभीर
पूर्वी चंपारण। जिले के कुंडवाचैनपुर थानाक्षेत्र के बड़हरवा फतेह महमद गांव में शुक्रवार की रात एक किराना व्यवसायी के घर में अचानक लगी आग में व्यवसायी के पुत्र-पुत्री व एक कर्मी समेत तीन की मौत हो गई।
आग लगने के बाद गृहस्वामी घर की पहली मंजिल से कूदे। इस दौरान गिर जाने के कारण वो बेहोश हो गए। आग से वो भी झुलसे हैं। आनन-फानन में ग्रामीणों जख्मी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें मोतिहारी रेफर कर दिया। मोतिहारी सदर अस्पताल से भी व्यवसायी को मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार राजकुमार गुप्ता की किराना दुकान में अचानक 11 बजे रात के बाद आग लगी। आग की लपटें इतनी खतरनाक थी कि घटना में व्यवसायी राजकुमार साह के पुत्र रौद्र कुमार (08 वर्ष) व पुत्री सृष्टि कुमारी (10 वर्ष) के साथ-साथ एक ग्रामीण स्टाफ झरौखर थानाक्षेत्र के भंगहा गांव निवासी सुजय कुमार सिंह के पुत्र प्रिंस कुमार (28 वर्ष) जिंदा जल गए।

घटना के वक्त व्यवसायी अलग कमरे में सो रहे थे। बच्चे अलग कमरे में थे। वहीं दुकान का कर्मी भी अलग कमरे में सो रहे थे। इसी बीच भूतल पर स्थित दुकान में शाट सर्किट से अचानक लगी आग पूरे घर में फैली।इस दौरान एक गैस सिलिंडर भी फट गया। इस कारण आग की लपटें भयावह हो गईं।
घटना के कारण पड़ोसी रवींद्र कुमार की दुकान भी क्षतिग्रस्त हुई है। आग बुझाने के दौरान पड़ोसी विजय बैठा भी जख्मी हुए हैं। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन टीम के सहयोग से शवों को निकाला।बताया गया है कि राजकुमार साह अपनी एक रिश्तेदारी में आयोजित शादी से शुक्रवार को ही दो बच्चों के साथ घर लौटे थे। प्रथम तल पर आवास था।

अगलगी की घटना के बाद राजकुमार साह ने अपने बच्चों को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें नहीं बचा सके।बुरी तरह झुलसने के बाद प्रथम तल से कूदे, लेकिन तबतक सबकुछ राख हो गया था। घटना की सूचना पर अग्निशमन दस्ता की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। स्थानीय पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। क्षति का आंकलन किया जा रहा है।

