उद्यमियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैंपस निरीक्षण, समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा
रक्सौल। जिला उद्योग पदाधिकारी मोतिहारी के नेतृत्व में रक्सौल एवं रामगढ़वा प्रखंड के विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने उद्यमियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके कार्यों, उत्पादन क्षमता, रोजगार सृजन एवं बाजार से जुड़ी चुनौतियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने उद्यमियों के कैंपस में जाकर मशीनरी, कच्चे माल की उपलब्धता, तैयार उत्पाद की गुणवत्ता एवं विपणन व्यवस्था का जायजा लिया। उद्यमियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए जिला उद्योग पदाधिकारी ने कहा कि स्थानीय उद्योग क्षेत्र को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उद्यमियों ने इस अवसर पर बिजली आपूर्ति, बैंकिंग प्रक्रिया, कच्चे माल की लागत, परिवहन सुविधा तथा बाजार तक पहुंच जैसी कई व्यावहारिक समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
इस पर जिला उद्योग पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक, तकनीकी या वित्तीय समस्या उत्पन्न होती है, तो उद्यमी बिना संकोच सीधे प्रशासन से संपर्क करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण किए गए प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में रक्सौल स्थित नाजिर शॉ मिल, रंजन स्टील फर्नीचर एवं रामगढ़वा प्रखंड के रघुनाथपुर स्थित आर एन आयरन इंडस्ट्री शामिल हैं। इन इकाइयों में उत्पादन प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा वहां कार्यरत श्रमिकों से भी बातचीत कर कार्य स्थितियों की जानकारी ली गई। निरीक्षण स्थानीय उद्योगों को मजबूती देने, रोजगार के अवसरों को बढ़ाने तथा क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

